ललितपुर:- उप जिलाधिकारी सदर/प्रशासक मनीष कुमार व अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा जल विहार पर्व के चलते सुम्मेरा तालाब सहित विमान रूट के समस्त मार्गों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्त व्यवस्था दुरूस्त रखने हेतु निर्देश दिये गये। इस दौरान समस्त घाटों का निरीक्षण किया गया, तालाब की साफ-सफाई व्यवस्था एवं लाइटिंग व्यवस्था सहित यातायात प्रभारी को यातायात व्यवस्था दुरूस्त किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासक द्वारा पंचमुखी मंदिर के पास स्थित शहजाद नदी पर बने पुल का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं दुरूस्त पाई गई, पुल के पास मिट्टी आदि का सही तरीके से भराव करते हुए पुल को दुरूस्त किया गया। इसके उपरांत चौबयाना स्थित बड़ा मंदिर के पास निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान प्रभारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को समस्त मार्गों की साफ-सफाई व्यवस्था करने एवं चूना आदि डलवाये जाने हेतु निर्देश दिये गये। इसके बाद प्रशासक द्वारा पिसनारी रोड का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान समस्त गड्डों को भरवाये जाने हेतु संबंधित अवर अभियंता एवं ठेकेदार को जल्द कार्य पूर्ण कराये जाने हेतु कहा गया, इसके बाद श्री हनुमान धारा मंदिर की सड़क का निरीक्षण किया, जहां सड़क के गड्डे आदि की मरम्मत दुयस्त पाई गई, इसके बाद प्रशासक महोदय द्वारा सीतापाठ स्थित मंदिर, तुवन मंदिर सहित अन्य मंदिरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रशासक महोदय द्वारा मुख्य स्टोर लिपिक को समस्त मार्गों पर लाइटिंग व्यवस्था दुरूस्त किये जाने हेतु निर्देश दिये गये।
सुम्मेरा तालाब के निरीक्षण के दौरान प्रशासक द्वारा घाट पर लगे वोट क्लब के टीनशैड को तत्काल प्रभाव से हटाया गया, इसके उपरांत प्रभारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को निर्देश दिये कि घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं पाई जाए, साफ-सफाई कार्य में यदि कोई भी कर्मचारी लापरवाही करते हुए पाया जाता है तो तत्काल प्रभाव से उक्त कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाए, घाटों पर विचरण कर रहे अन्ना जानवरों को पकड़कर दैलवारा स्थित कान्हा गौवंश आश्रय में संरक्षित करते हुए पशु पालक के विरूद्ध जुर्माना आदि वसूली की कार्यवाही की जाये।
प्रशासक द्वारा यातायात प्रभारी आलोक तिवारी को निर्देश दिये कि जल विहार पर्व पर यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए, जो चार पहिया एवं दो पहिया वाहन सहित अन्य वाहन जो विमान रूट पर खड़े हुए है उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाते हुए चालान आदि की कार्यवाही की जाये। प्रशासक द्वारा कहा गया कि विमान रूट पर कोई भी वाहन खड़ा न हो, रामलीला मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था दुरूस्त रहे।
विमान रूट पर न दिखे अन्ना जानवर
निरीक्षण के दौरान प्रशासक मनीष कुमार द्वारा संबंधित सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को निर्देश दिये कि टीमें लगाकर समस्त रूटों पर व्यापक अभियान चलाते हुए अन्ना जानवरों को संरक्षित कर उन्हें कान्हा गौवंश आश्रय स्थल में संरक्षित करें व पशु मालिकों पर जुर्माना आदि वसूली की कार्यवाही करें।
अतिक्रमण मुक्त रहे विमान रूट
प्रशासक द्वारा नजूल लिपिक सुधीर कुमार को निर्देश दिये कि विमान रूट के समस्त मार्गों पर अतिक्रमण को हटाया जाये, जो भी दुकानदार सड़क या सड़क पटरी पर सामान रखकर व्यवसाय कर रहे है, उनका सामान जब्त करते हुए तत्काल प्रभाव से विमान रूट के मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराये।
यातायात व्यवस्था रहे चाक चौबंद
प्रशासक द्वारा यातायात प्रभारी आलोक तिवारी को निर्देश दिये कि विमान रूट पर आड़े तिरछे वाहन खड़े न हो, यातायात व्यवस्था चाक चौबंद रहे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, जो भी वाहन चालक यातायात मार्ग पर वाहन खड़े करते हुए पाया जाये, उसका चालान करते हुए वाहन को सीज किया जाये, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
समस्त रूट मार्ग की लाईटिंग व्यवस्था रहे दुरूस्त
प्रशासक महोदय द्वारा मुख्य स्टोर लिपिक को निर्देश दिये कि हर हाल में समस्त मार्गों की लाइटिंग व्यवस्था टीम को लगाकर दुरूस्त करा ली जाये, स्ट्रीट लाईटें जहां भी खराब पड़ी है, उनकी तत्काल मरम्मत करा ले।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा, पार्षद जगदीश यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, पार्षद प्रतिनिधि अमित नायक, कर निर्धारण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, अवर अभियंता खुशबू खान, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, प्रभारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेन्द्र कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित रामलीला समिति के कार्यकर्ता व पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



