विद्यार्थी करियर में सफलता के लिए उचित लक्ष्य निर्धारित करें : प्राचार्य

0
425

ललितपुर। आज दिनांक 2 सितंबर 2025 को जिला सेवायोजन कार्यालय, ललितपुर एवं मनोविज्ञान विभाग नेहरू, महाविद्यालय ललितपुर के संयुक्त तत्वाधान में करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर ओमप्रकाश शास्त्री ने कहा कि करियर केवल नौकरी नहीं बल्कि जीवन की एक दिशा है। विद्यार्थी को अपनी क्षमता एवं अभिरुचि के अनुसार अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, विद्यार्थी को जिस विषय में रुचि हो उसी का अध्ययन करना चाहिए। साथ ही अपने व्यक्तित्व के अनुसार करियर विषयों का चयन करें तथा आत्मविश्वास बनाए रखें एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाये।

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी आकांक्षा यादव ने रोजगार संगम पोर्टल की जानकारी, विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले रोजगार मेलों के बारे में, साथ ही कंपटीशन की तैयारी कैसे करें एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम संयोजक डॉ.संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं कमजोरी का पता होना चाहिए। विद्यार्थी करियर विकल्पों का सही से मूल्यांकन कर अपनी करियर योजना बनाये एवं उसकी नियमित रूप से मूल्यांकन एवं मार्गदर्शन प्राप्त करते रहे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में परामर्श एवं निर्देशन सेल संचालित है। विद्यार्थी अपनी मनोवैज्ञानिक एवं कैरियर संबंधी समस्याओं का समाधान वहां पर कर सकते हैं।

 

राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अमित शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थी सोशल मीडिया से दूर रहकर अध्ययन करें। तथा मोबाइल का दुरुपयोग ना करें तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए तकनीक का सकारात्मक उपयोग करें। विद्यार्थी स्वयं नोट्स बनाएं तथा उनका अध्ययन करें। उन्होंने करियर के संबंध में विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की।

मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर सूबेदार यादव ने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में सही करियर का चयन कर लें तो उससे विद्यार्थी संतुष्ट एवं खुश महसूस करेगा। विद्यार्थी को अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना चाहिए।

 

मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ राजेश तिवारी ने कहा कि अभिभावकों को यह देखना चाहिए कि उनका बच्चा किस क्षेत्र में अच्छा कार्य कर सकता है उन पर अपनी अपेक्षाओं का बोझ ना लादे। अभिभावको की अपेक्षाओं एवं छात्र की रुचि में अंतर नहीं होना चाहिए।

 

कार्यक्रम में डॉक्टर सुधाकर उपाध्याय, डॉ संदीप श्रीवास्तव डॉ राजीव निरंजन, नरेंद्र कुमार वर्मा उमेश कुमार के अलावा महाविद्यालय के सैकड़ो विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन डॉ. संजीव कुमार शर्मा तथा आभार डॉ. राजेश तिवारी ने व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here