ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की माह जुलाई की समीक्षा हेतु अन्तर्विभागीय की।
बैठक में एक-एक कर सभी ब्लॉकों की प्रगति की समीक्षा में विकासखण्ड बिरधा में आशाओं के द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे की सबसे खराब प्रगति पर एमओआईसी बिरधा को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिये गए। साथ ही विकासखण्ड बार और मड़ावरा की स्थिति संतोषजनक न होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उन क्षेत्रों में जाकर सम्बंधित एमओआईसी और सीडीपीओ सहित अन्य क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति में 3 दिवस के भीतर सुधार करने के निर्देश दिये गए।
उन्होंने निर्देश दिए कि संचारी रोगों से बचाव हेतु फ्रण्ट लाइन वर्कर डोर-टू-डोर सर्वे में कोताही न बरतें, अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें और मुख्यालय पर रिपोर्टिंग करें। ग्रामों में फॉगिंग, ब्लीचिंग व एण्टी लार्वा का नियमित रुप से छिड़काव कराते रहें और लोगों को इससे बचाव की जानकारी भी दें। संवेदनशील ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा व पंचायती राज विभाग की संयुक्त टीमें भ्रमण करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की प्रगति बताते हुए कहा कि गत् वर्षों में संचारी रोगों की स्थिति एवं हाई रिस्क ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई जैसे-गढ्ढों को मिट्टी से भरा जाये झाड़ियों की कटाई की जाये रूके हुए पानी की निकासी करायी जा रही है, नालियों की साफ-सफाई, लार्वानाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 भगवान सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, जिला मलेरिया अधिकारी/नोडल अधिकारी अनिल क्रिस्टोफर, सभी एमओआईसी सहित, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, एस०एम०ओ०/ डब्लू०एच०ओ०/ डी०एम०सी० यूनीसेफ, सूचना विभाग आदि के अधिकारी/ सहा० मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक, मलेरिया निरीक्षक उपस्थित रहे।



