जनपद प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सरकारी योजनाओं व विकास कार्यों की अधिकारियों के साथ की समीक्षा

0
94

बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार से सम्बंधित शिकायतों का प्राथमिकता पर करायें निस्तारण: मा0 प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी

निर्माणाधीन बल्क ड्रग फार्मा पार्क का किया निरीक्षण और कार्य में तेजी लाने के दिये निर्देश

ललितपुर। मा0 राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उ0प्र0/जनपद प्रभारी मंत्री  दानिश आजाद अंसारी ने बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए जनपद के विकास कार्यों की हकीकत जानी और अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरुप कार्य करने के सख्त निर्देश दिये। मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद के विकास कार्यों में हीलाहवाली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसके लिए अधिकारी पूरी तत्परता के साथ अपने कार्यों को पूर्ण करायें, इसके साथ ही क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार से सम्बंधित शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि मा0 जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रुप से उठाये जायें और उनके द्वारा बतायी गई जनसमस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए लिखित रुप में जनप्रतिनिधियों को अवगत भी कराया जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग उ0प्र0 मनोहर लाल पंथ, मा0 सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, मा0 जिलाध्यक्ष भा0ज0पा0 श्री हरिश्चन्द्र रावत, एमएलसी प्रतिनिधि श्री अतुल निरंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक ने सभी जनप्रतिनिधियों का बुके भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात जनपद के विकास कार्यों की एक-एक कर विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार ने जनपद के ग्राम सैदपुर में यूपीसीडा द्वारा 1472 एकड़ में बनाये जा रहे बल्क ड्रग फार्मा पार्क के बारे में बताया कि तीन चरणों में फार्मा पार्क का कार्य किया जाना है, प्रथम चरण में 352.91 एकड़ भूमि पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, साथ ही औद्योगिक इकाईयों की स्थापना के लिए निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से प्लाट आवंटन भी शुरु कर दिया गया है, जिसमें अब तक 4 प्लाट आवंटित भी किये जा चुके हैं। उन्होंने जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के अधिशासी अभियंताओं को कड़े निर्देश दिये कि हर घर तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को हर हाल में सुनिश्चित करें और रोड रेस्टोरेशन का कार्य त्वरित गति से पूर्ण करायें। उन्होंने विद्युत विभाग के दोनों अधिशासी अभियंताओं को कड़े निर्देश दिये कि जनपद में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति होनी चाहिए और मा0 जनप्रतिनिधियों के फोन आये ंतो अनिवार्य रुप से अटेण्ड किया जाए तथा उनके द्वारा बतायी गई जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही स्मार्ट मीटरों में यदि शिकायत आ रही है तो क्षेत्र में जाकर उसका सत्यापन करें और समस्या का निस्तारण करायें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि मेडिकल कॉलेज में विद्युत और पेयजल की समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए, इसके लिए बनाये जा रहे फीडर का कार्य त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाए, ताकि आने वाले छात्रों को कोई समस्या न रहे।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग व नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रवेश द्वार को और अधिक आकर्षक बनाया जाए, ताकि लोग दूर से ही उसे देख सकें, इसके लिए प्रवेश द्वार से 100 मीटर दूरी पर एलईडी लाइट्स, द्वार पर फसाड लाइट, सीसीटीवी कैमरे व डिस्प्ले स्क्रीन आदि लगाई जाये, ताकि लोगों को लगे कि वे किसी शहर में प्रवेश कर रहे हैं।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश की रैंकिंग में जनपद को 6वां स्थान प्राप्त हुआ है, इस पर मा0 प्रभारी मंत्री ने प्रसन्न्ता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी और आगे भी अच्छा कार्य करने के लिए अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से जनपद समृद्ध है, इसके लिए जनपद में स्वीकृत 14 प्रोजेक्टों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश पर्यटन के प्रोजेक्ट मैनेजर को दिये।
मा0 प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि ललितपुर की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है, इसलिए कृषि विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि यहां के किसानों को खाद, बीज और उर्वरकों की कमी न होने पाये, इसके अलावा जनपद में समय से क्रय केन्द्र खोले जायें।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को जनपद के पर्यटन से सम्बंधित पोट्रेट और कैलेण्डर भेंट किये। इस अवसर पर मा0 प्रभारी मंत्री के द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान 3.0 के अन्तर्गत प्रशिक्षित महिला उद्यमियों को स्वावलम्बी बनाने हेतु 05 महिला उद्यमियों क्रमशः अंजली देवी राय, शिवानी कुशवाहा, सुलोचना रजक, अभय तिर्की, खिलन अहिरवार को वित्त पोषित ई-रिक्शा एवं टूलकिट प्रदान की गयी।
समीक्षा बैठक के उपरान्त मा0 प्रभारी मंत्री ने ग्राम सैदपुर में निमार्णाधीन बल्क ड्रग फार्मा पार्क का निरीक्षण किया और क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को निर्देश दिये कि वह निर्माण कार्य में तेजी लायें, सबसे पहले उसका भव्य प्रवेश द्वार तैयार करायें, जिससे क्षेत्र के लोगों को जानकारी हो सके। उन्होंने कहा कि ललितपुर में यह प्रदेश का पहला और देश का चौथा ड्रग फार्मा पार्क तैयार हो रहा है, जो ललितपुर के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके विकसित होने से बड़ी-बड़ी दवा कम्पनियां व कारोबारी यहां अपने यूनिट स्थापित करेंगे और करोड़ों रुपए का निवेश करेंगे, जिससे यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा और ललितपुर आर्थिक रुप से समृद्ध होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, सीएमओ, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज, पीडी डीआरडीए, डीडीओ, डीसी मनरेगा, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण एवं अन्य कार्यदायी विभागों के अधिशासी अभियंता, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here