लापरवाह अधिकारियों के क्रियाकलापों से शासन को कराया जाएगा अवगत: सांसद अनुराग शर्मा  , जल जीवन मिशन, अमृत येाजना, विद्युत आपूर्ति व खराब सड़कों पर अधिकारियों को लगायी फटकार , फसल बीमा योजना में घालमेल करने वाली बीमा कम्पनियों पर होगी सख्त कार्यवाही 

0
151

 लापरवाह अधिकारियों के क्रियाकलापों से शासन को कराया जाएगा अवगत: सांसद अनुराग शर्मा

 जल जीवन मिशन, अमृत येाजना, विद्युत आपूर्ति व खराब सड़कों पर अधिकारियों को लगायी फटकार

 फसल बीमा योजना में घालमेल करने वाली बीमा कम्पनियों पर होगी सख्त कार्यवाही

 बांध मुआवजा वितरण हेतु एसडीएम होंगे नामित, अपनी निगरानी में दिलायेंगे मुआवजा

 मूंगफली क्रय केन्द्र देरी से खोले जाने पर एआर कोऑपरेटिव पर नाराजगी

 नये लाभार्थियों के चयन हेतु ग्रामों में लगायें कैम्प, मा0 जनप्रतिनिधियों को दें सूचना

ललितपुर। शुक्रवार 18 जुलाई को सांसद अनुराग शर्मा एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक  रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष  कैलाश नारायण निरंजन, एमएलसी श्रीमती रमा निंरजन, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, एमएलसी विजय सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष तालबेहट  पुनीत सिंह परिहार, नगर पंचायत अध्यक्ष पाली  मनीष तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों की गरिमामयी उपस्थिती रही। जिलाधिकारी ने उक्त प्रतिनिधियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।

         इसके उपरान्त सांसद ने विभागवार संचालित केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और जिले में प्रायोजित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रत्येक दशा में पहुंचाने एवं जन शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण कराने हेतु निर्देश दिए।

          उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जाकर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें, इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए, साथ ही कैम्प लगाकर लाभार्थियों का चयन किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति एवं नये लाभार्थियों के चयन हेतु लगाये गए कैम्पों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दें।

         बैठक में जल जीवन मिशन, अमृत योजना व विद्युत आपूर्ति की खराब प्रगति पर सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शासन की मंशानुसार कार्य करने की चेतावनी दी गई, उन्होंने कहा कि क्षेत्र से लगातार विद्युत आपूर्ति व पेयजल आपूर्ति की शिकायतें प्राप्त हो रहीं हैं, साथ ही पाइपलाइन हेतु खोदी गई सड़कें बरसात में लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी हैं, जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। ऐसी लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं की जाएगी, अधिकारी अपने दफ्तरों से बाहर निकलें और क्षेत्र में भ्रमण कर समस्याओं का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही निस्तारण की सूचना हमारे कार्यालय को उपलब्ध करा दें।

          सांसद ने अधीक्षक अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि ललितपुर शहर तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए अगले 10 वर्षों की अनुमानित विद्युत उत्पादन और खपत का ब्यौरा तैयार कर उपलब्ध करायें ताकि शासन से जनपद के लिए आवश्यक परियोजनाएं स्वीकृत करायी जा सकें।

            जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत बताया गया कि जनपद में 15 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनसें 490 ग्रामों में पेयजल की आपूर्ति हो रही है, कुछ योजनाओं पर विद्युतीकरण का कार्य शेष है जो जुलाई के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। तुवन चौराहा से चर्च तक किये गए मरम्मत कार्य जो दोबारा खराब हो गया है, की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गए। मौके पर जनप्रतिनिधियों ने जनपद के ग्राम तालाबेहट, तुर्का, पूराकलां, करेंगा और हिगौंरा में पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत की, जिस पर सम्बंधित विभागों के अभियंताओं को मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिये गए। साथ ही जनपद में संचालित 11 स्टेन क्रेशरों की डस्ट को कार्यदायी संस्थाओं द्वारा उपयोग किये जाने के निर्देश दिये गए।

           फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए मा0 सासंद ने बीमा दावों और उनके सापेक्ष मिले क्लेम की जानकारी ली और निर्देश दिये कि किसानों को क्लेम न देने वाली व अनियमित क्लेम देने वाली बीमा कम्पनियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए क्लेम की धनराशि दिलायी जाए और कृत कार्यवाही से अवगत भी कराया जाए।

           बांधों के मुआवजा वितरण की समीक्षा में बताया गया कि कचनौदा बांध के लिए 15 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिसमें 50 लाख वितरित कर दिया गया है, शेष मुआवजा वितरण की कार्यवाही चल रही है। इस पर निर्देश दिये गए कि एक उप जिलाधिकारी को नामित करते हुए उनकी निगरानी में मुआवजा वितरण की कार्यवाही करायी जाए। भावनी बांध के निर्माण के 5 वर्ष बीतने के बाद भी नहरों का संचालन न होने पर मा0 सांसद ने घोर नाराजगी जाहिर करते हुए रिवाइज एस्टीमेट 10 दिन के भीतर तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

            उन्होंने मूंगफली क्रय केन्द्रों को देरी से खोले जाने पर एआर कॉओपरेटिव पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिये कि अगले वर्ष से पूर्व से ही शासन से क्रय केन्द्र जल्दी खोलने की अनुमति लेना सुनिश्चित करें।

           पेंशन योजनाओं समीक्षा में मा0 सांसद ने निर्देश दिये कि वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियों के चयन हेतु अब तक लगाये गए शिविरों की रिपोर्ट मा0 जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करायें, साथ ही नये लाभार्थियों के चयन हेतु शिविरों के आयोजन की तिथि निर्धारित कर अवगत करायें। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बताया गया कि नये लाभार्थियों के सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है और कोई भी प्रधानमंत्री आवास बारिस के कारण क्षतिग्रस्त नहीं हुआ है। इस पर मा0 जनप्रतिनिधियों से कहा कि उनके क्षेत्र में मकान क्षति से सम्बंधित सूचनाएं परियोजना निदेशक डीआरडीए को उपलब्ध करा दें ताकि वे लोगों को आवास योजना का लाभ दे सकें। मनरेगा योजनान्तर्गत बताया गया कि विकासखण्ड तालबेहट के ग्राम म्यॉव में मिनी स्टेडियम हेतु भूमि का चयन किया जा चुका है। मा0 सांसद ने निर्देश दिये कि जनपद में श्रमिकों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए, इसके लिए श्रम विभाग में उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाए।

            सेतुओं के निर्माण की समीक्षा में बताया कि नगर में शहजाद नदी के पुल पर सुरक्षात्मक कार्य कराये जाने हेतु स्वीकृति मिल गई है, बारिश रुकने पर कार्य कराया जाएगा। मा0 सांसद ने जनपद की सड़कों के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रथम प्राथमिकता पर लिये गए मार्गों की समीक्षा की और सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसी दौरान मा0 जनप्रतिनिधियों ने नीलकण्ठेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण का अनुरोध किया, जिस पर निर्देश दिये गए कि उक्त मार्ग को धर्मार्थ कार्य प्रोजेक्ट में शामिल करते हुए प्रस्ताव भेजा जाए। सैदपुर मार्ग के सम्बंध में निर्देश दिये गए कि उक्त मार्ग को फोरलेन में विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध करायें। मा0 सांसद ने जनप्रतिनिधियों के द्वारा खराब मार्गों के निर्माण की सूची लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सौंपते हुए उक्त मार्गों की मरम्मत व निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये।

          50 लाख से अधिक की कार्ययोजनाओं की समीक्षा में पूराकलां में विद्यालय निर्माण के बिंदु पर चर्चा की गई, जिसमें बताया गया कि निर्माण हेतु शासन से पत्राचार किया गया है, साथ ही मा0 सदर विधायक द्वारा मा0 मुख्यमंत्री जी से वार्ता भी की गई है। इसके अलावा जनपद में 33 हाईस्कूल व 7 इण्टरमीडिएट कॉलेज स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 36 के लिए भूमि का चिन्हांकन हो चुका है, शेष 4 के लिए कार्यवाही चल रही है। पाली नगर पंचायत में 50 बैड के चिकित्सालय का कार्य पूर्ण हो चुका है, मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान कई कमियां पायी गई थी, जिन्हें आवास विकास परिषद को सुधार हेतु भेज दिया गया था। इस पर निर्देश दिये गए कि अस्पताल में मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा बतायी गई कमियों को सूचीबद्ध करते हुए सुधार हेतु आवास विकास परिषद को प्रेषित किया जाए। जनपद में निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिजों पर मा0 जनप्रतिनिधियों के नामों की शिलापट्टिकाएं लगाये जाने के निर्देश सम्बंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिये गए।

             बैठक में पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ शेषनाथ चौहान, डीएफओ गौतम सिंह, सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, डीआईओएस ओपी सिंह, बीएसए रणवीर सिंह, अधि.अभि. जल निगम शहरी मुकेश कुमार व ग्रामीण अवनीश सिंह, अधि.अभि. जल संस्थान शिवराज वर्मा, अधीक्षक अभियंता विद्युत, ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव, अग्रणी बैंक प्रबंधक रंजीत कुमार सहित विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here