ललितपुर (अनूप नागल पत्रकार):– स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ललितपुर में 77वां गणतंत्र दिवस प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्मित 300 बेड चिकित्सालय परिसर में प्रातः 8:30 बजे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेंद्र सिंह चौहान द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसमें चिकित्सालय के समस्त स्टाफ ने सहभागिता की इसके उपरांत अमरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रातः 10:00 बजे प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। यह अमरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में पहला अवसर था, जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया, जो संस्थान के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके उपरांत एमबीबीएस प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात प्रधानाचार्य महोदय एवं मंचासीन अधिकारियों द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला ने समस्त कार्यक्रम प्रबंधन टीम, संकाय सदस्यों, चिकित्सा अधिकारियों, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट्स, नर्सिंग ऑफिसर्स, पैरामेडिकल एवं अन्य सहायक स्टाफ को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सभी को निरंतर समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए इस चिकित्सा महाविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि चिकित्सा महाविद्यालय के लिए 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसे शीघ्र ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। साथ ही नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य आवश्यक कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर नवनिर्मित 300 बेड चिकित्सालय को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक चिकित्सक का दायित्व केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा भावना एवं नैतिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करना भी है। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. मदुरनेंद्र राजपूत, डॉ. जगदीश इटालिया, डॉ. रवि पचौरी, डॉ. राजेश आर्य, डॉ. महेश , डॉ सौरभ साहू , डॉ एम सी गुप्ता , डॉ अकृति , डॉ प्रांशी असाठी, डॉ रजनी , डॉ शिखा जैन , वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पवनसुत, डॉ. डी.के. राज, डॉ. डी.बी. सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. विशाल जैन, डॉ. चेतन राज, हॉस्पिटल क्वालिटी मैनेजर नंदलाल यादव सहित रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।डॉक्टर्स , नर्सिंग स्टाफ , पैरामेडिकल स्टाफ , सिक्योरिटी, सफाई मित्र इलेक्ट्रीशियन प्लम्बर आदि को उनकी विभिन्न सेवायो के लिए प्रशस्ति पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ किया गया।



